Bhilwara Annakoot Festival: संतोष कॉलोनी स्थित श्री चारभुजानाथ, महामृत्युंजय महादेव एवं हठीले हनुमान मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
समिति मीडिया प्रभारी मनोज व्यास ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत शाम 5 बजे भगवान की महाआरती की गई। इसके बाद शाम 5:30 बजे ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। भोग के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति अध्यक्ष प्रभुलाल शर्मा एवं सचिव सुरेन्द्र भंडारी ने बताया कि महोत्सव के आयोजन में मंदिर समिति की समस्त कार्यकारिणी एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला और आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति अध्यक्ष प्रभुलाल शर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता- राजाराम जैन












