Kedarnath Dham: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचते हैं। गर्मियों में यहां भक्तों की खूब भीड़ रहती है, लेकिन सर्दियां शुरू होते ही धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। खास बात यह है कि हर साल भाई दूज के दिन ही केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद करने की परंपरा है। इस दिन विधि-विधान से पूजा के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद बाबा केदार छह महीने तक ऊखीमठ में विराजते हैं। भाई दूज के दिन ही कपाट बंद करने की परंपरा क्यों है और इसके बाद बाबा केदार की पूजा कहां होती है? जानिए इससे जुड़ी पूरी मान्यता
भाई दूज पर ही क्यों बंद होते हैं केदारनाथ के कपाट?
केदारनाथ धाम के कपाट बंद करने के लिए हर साल भाई दूज का दिन चुना जाता है। इस परंपरा के पीछे कई धार्मिक मान्यताएं और पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। एक मान्यता का संबंध महाभारत काल से भी बताया जाता है। कहा जाता है कि युद्ध समाप्त होने के बाद पांडव अपने पापों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की खोज में हिमालय पहुंचे थे। इस यात्रा में द्रौपदी भी उनके साथ थीं। मान्यता है कि पांडवों ने केदारनाथ में भगवान शिव की आराधना की थी। भाई दूज के दिन उन्होंने अपने पितरों के लिए तर्पण किया था। कहा जाता है कि इसके बाद उन्हें पितरों का आशीर्वाद मिला और स्वर्ग की प्राप्ति हुई।
भाई दूज के बाद पहाड़ों में ठंड तेजी से बढ़ने लगती है। केदारनाथ धाम समुद्र तल से करीब 3,584 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। सर्दियों में यहां तापमान शून्य से नीचे चला जाता है और भारी बर्फबारी होती है। इससे मंदिर और आसपास के रास्ते बर्फ से ढक जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं का धाम तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इसी वजह से भाई दूज के दिन मंदिर में विशेष पूजा की जाती है। इसके बाद वैदिक मंत्रों और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं।
कपाट बंद होने के बाद कहां होती है बाबा केदार की पूजा?
केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भी बाबा केदार की पूजा जारी रहती है। कपाट बंद होने पर बाबा की चल विग्रह उत्सव डोली को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाता है। ऊखीमठ को बाबा केदार का शीतकालीन निवास माना जाता है। यहां अगले छह महीने तक बाबा की पूजा और धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा के दर्शन भी कर सकते हैं। वहीं, हर साल महाशिवरात्रि के दिन मंदिर के कपाट दोबारा खोलने की तारीख और शुभ मुहूर्त तय किया जाता है। इसके बाद गर्मियों में श्रद्धालुओं के लिए बाबा केदार के धाम के द्वार खोल दिए जाते हैं।
—- समाप्त —-












