Swapna Shastra: सोते समय सपने देखना आम बात है। कई सपने सुबह उठते ही याद रह जाते हैं, जबकि कुछ पलभर में भूल जाते हैं। लेकिन स्वप्न शास्त्र में सपनों को केवल कल्पना नहीं, बल्कि भविष्य से जुड़े संकेतों के रूप में भी देखा जाता है। मान्यता है कि सपने में कुछ खास चीजें दिखाई देना जीवन में सुख-समृद्धि, धन लाभ और खुशियों के आगमन का संकेत हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 सपनों के बारे में, जिन्हें स्वप्न शास्त्र में बेहद शुभ माना गया है।
1. सपने में गाय दिखाई देना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, सपने में गाय देखना शुभ संकेत माना जाता है। हिंदू धर्म में गाय को पूजनीय स्थान प्राप्त है। मान्यता है कि सपने में सफेद गाय दिखाई देने का अर्थ जीवन में सुख-शांति और खुशहाली का आगमन हो सकता है। वहीं, गाय के साथ बछड़ा दिखाई देना परिवार में खुशियां आने और कोई अच्छी खबर मिलने का संकेत माना जाता है।
2. सपने में मंदिर या देवी-देवताओं के दर्शन
अगर आपको सपने में मंदिर या देवी-देवताओं के दर्शन होते हैं, तो इसे आध्यात्मिक दृष्टि से शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा सपना जीवन की परेशानियां कम होने और मनोकामनाएं पूरी होने का संकेत देता है। वहीं, सपने में खुद को पूजा-पाठ करते देखना मानसिक शांति और सकारात्मक बदलाव से जोड़कर देखा जाता है।
3. सपने में साफ पानी देखना
स्वप्न शास्त्र में साफ और बहते हुए पानी को शुभ संकेत माना गया है। सपने में नदी, झरना या साफ पानी से भरा तालाब दिखाई देना जीवन में तरक्की और नए अवसर मिलने का संकेत माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा सपना आर्थिक परेशानियां दूर होने और धन लाभ की संभावना से जुड़ा हो सकता है। वहीं, शांत पानी देखना मन की शांति और चिंताओं से राहत मिलने का प्रतीक माना जाता है।
4. सपने में खिले हुए फूल देखना
सपने में रंग-बिरंगे और खिले हुए फूल दिखाई देना खुशियों के आगमन का संकेत माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा सपना रिश्तों में प्रेम बढ़ने और जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की ओर इशारा करता है। खासतौर पर सपने में कमल का फूल देखना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं में कमल को मां लक्ष्मी का प्रिय फूल माना गया है। इसलिए इसे धन, वैभव और सुख-समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है।
5. सपने में पके हुए फल देखना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, सपने में ताजे और पके हुए फल दिखाई देना अच्छे परिणाम मिलने का संकेत माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा सपना मेहनत का फल मिलने और लंबे समय से अटके काम पूरे होने की ओर इशारा करता है। वहीं, सपने में मीठे फल खाते हुए देखना खुशखबरी मिलने और पेड़ पर फल लगे देखना तरक्की तथा धन लाभ से जोड़कर देखा जाता है।
…….समाप्त……












